अल्मोड़ा। जिले में मौसम ने फिर करवट बदली। विभिन्न हिस्सों में हुई बारिश के बाद तापमान गिरा और लोगों को गर्मी से राहत मिली है। बिनसर क्षेत्र में अच्छी बारिश से जंगलों की आग भी शांत हुई है।
शनिवार को जिले में मौसम का मिजाज बदल गया। सुबह के समय तेज धूप से लोग गर्मी से बेहाल रहे। देर शाम आसमान काले बादलों से घिर गया और बारिश शुरू हो गई। जिला मुख्यालय में हल्की जबकि बिनसर क्षेत्र में अच्छी बारिश हुई। बारिश के बाद तापमान गिरने से गर्मी से राहत मिली है। जिला मुख्यालय में देर रात तक तेज गरज के साथ बूंदाबांदी जारी रही। अंधड़ चलने से यूपीसीएल ने बिजली आपूर्ति रोक दी। ऐसे में आधे घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से लोगों को दिक्कत झेलनी पड़ी। संवाद