फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: भादो में लगी झड़ी, बंद सड़कों से मुसीबत बढ़ी

Sun, 10 Sep 2023 11:36 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा
विज्ञापन
रानीखेत के खनिया में अंधड़ से दो कारों पर गिर गया पेड़। संवाद 
विज्ञापन
अल्मोड़ा। जिले में बीते दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन पटरी से उतर गया है। बारिश के बाद जिले में जिले को लोहाघाट, चंपावत से जोड़ने वाले प्रमुख स्टेट हाईवे सहित छह सड़कें बंद हैं, इससे 60 से अधिक गांवों की 15 हजार की आबादी का शेष दुनिया से सड़क संपर्क कट गया है। वहीं गांवों में सब्जी, रसोई गैस सिलिंडर सहित अन्य दैनिक जरूरत का सामान नहीं पहुंचने से लोग खासे परेशान हैं।
विज्ञापन

रविवार को भी सुबह से ही बारिश जारी रही। बीते 24 घंटों में जिला मुख्यालय में 49 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। बारिश के बाद मलबा और बोल्डर गिरने से अल्मोड़ा को चंपावत जिले से जोड़ने वाला प्रमुख एसएच भनोली-सिमलखेत सहित पातलीबगड़-बरसीमी, चैलछीना-चुपड़ा, पिपना-महंत, जैपी-पिपली, बलमरा-गुरुलेख सड़कें बंद हैं।
ऐसे में ग्रामीण किसी तरह बारिश के बीच पैदल आवाजाही कर बाजार पहुंच रहे हैं और तब जाकर पीठ पर ढोकर जरूरत का सामान घर पहुंच रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि सड़कों को खोलने का काम लगातार जारी है। एसएच पर लगातार पहाड़ी दरकने से मलबा हटाना मुश्किल हो रहा है। सड़कों को जल्द खोलने के प्रयास हो रहे हैं।
विज्ञापन


सड़कों पर ड्रेनेज प्लान धड़ाम, जलभराव से लोग परेशान
अल्मोड़ा। नगर की सड़कों पर हुए जलभराव ने सरकारी मशीनरी के खोखले दावों की पोल खोल दी है। नगर की प्रमुख माल रोड सहित अन्य सड़कों पर जलभराव हुआ है। चौघानपाटा, ब्राइट एंड कॉर्नर के पास नाली निकास न होने से सड़क तालाब में तब्दील हो गई। इससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के लिए भी आवाजाही करना मुश्किल हुआ।

बाजारों में पसरा सन्नाटा
अल्मोड़ा। बारिश के बाद बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। लगातार हो रही बारिश के चलते लोगों जरूरी काम के लिए ही घर से निकल रहे है। इससे बाजार में भी कम ही लोग दिखाए दिए। नगर सहित सल्ट, रानीखेत, द्वाराहाट, भिकियासैंण, भतरौंजखान और अन्य बाजारों में व्यापारी ग्राहकों का इंतजार करते रहे।


खनिया में दो कार और एक स्कूटी पर गिरा पेड़
रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत के खनिया में रविवार को बारिश और अंधड़ से दो कार व एक स्कूटी पर विशालकाय पेड़ गिर गया। इस घटना में राजन और ललित चौहान की कारें, सुरेंद्र सिंह बिष्ट की स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गए। संयोग से घटना के समय वाहनों में कोई भी सवार नहीं था, नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी। पेड़ गिरने के बाद सड़क पर आवाजाही ठप रही। सूचना पर वन विभाग की टीम ने पेड़ हटाकर आवाजाही शुरू कराई। रेंजर राजन ने बताया कि अंधड़ से पेड़ गिर गया, जिसे हटाया गया।


कौसानी, गरुड़ में मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर
गरुड़ (बागेश्वर)। तहसील क्षेत्र में 24 घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है जिससे जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो गया। स्थानीय बाजारों में चहल पहल भी नहीं रही। बारिश के चलते गरुड़ और गोमती नदी उफान पर आ गईं। तहसील क्षेत्र के कौसानी, बैजनाथ, गरुड़, लाहुर और गोमती घाटी में शनिवार रात से मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश से ठंड बढ़ गई है। डंगोली सैलानी, मटे तिलसारी, कौसानी भतेड़िया, कंधार सैलानी, सैलानी गनीगांव मोटर मार्ग में जगह जगह पर मलबा आ गया है। हालांकि यातायात बाधित नहीं हुआ है।

लगातार बारिश से धान की फसल को नुकसान



बागेश्वर। बागेश्वर में शनिवार रात से लगातार बारिश हो रही है। रविवार देर शाम तक बारिश का सिलसिला जारी रहा। बारिश के चलते कई स्थानों पर जलभराव हो गया। सरयू और गोमती नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया। बारिश से जिला मुख्यालय के साथ ही घाटी वाले इलाकों में धान की खड़ी फसल को नुकसान पहुंचा है।



रविवार को बारिश से जिला मुख्यालय के मंडलसेरा में जलभराव हो गया। निकासी की उचित व्यवस्था न होने से सड़क कीचड़ से सन गई। मंडलसेरा, बिलौना समेत कई इलाकों में धान की खड़ी फसल को व्यापक नुकसान पहुंचा है। धान के पौधे खेत में तिरछे हो गए।



सरयू नदी में शिला पर बनी भगवान शिव की आकृति भी डूब गई



बारिश से सरयू और गोमती नदी का जलस्तर बढ़ गया और घाट जलमग्न हो गए। सरयू नदी में शिला पर बनी भगवान शिव की आकृति नदी के जल में डूब गई। रविवार को सरयू का जलस्तर 866 मीटर और गोमती का जलस्तर 863.25 मीटर था। दोनों नदियों का चेतावनी लेबल 869.70 और खतरनाक लेबल 870.70 मीटर था।



बागेश्वर में पांच सड़कें बंद



बागेश्वर। बारिश के दौरान मलबा गिरने से रविवार को जिले की दो सड़कों पर यातायात बाधित हो गया। तीन सड़कों पर लंबे समय से यातायात बाधित है। आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार रविवार को बारिश के दौरान कमेड़ीदेवी-भैंसुड़ी सड़क 6 जगह क्षतिग्रस्त हो गई। कुचौली-मंचूला दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई। काफलीकमेड़ा, कठपुड़ियाछीना-सेराघाट और शामा-रामगंगा पुल सड़क लंबे समय से बंद है। सड़क बंद होने से करीब 15 हजार की आबादी प्रभावित है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें