फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डांडा कांडा में तहसील प्रशासन के लोगों का घेराव, गेट के बाहर दिया धरना

विज्ञापन
अल्मोड़ा की मालरोड में डांडाकांडा मामले के विरोध में जुलूस निकालते उपपा कार्यकर्ता। संवाद - फोटो : ALMORA
विज्ञापन
रानीखेत (अल्मोड़ा)। डांडाकांडा में किशोरी के यौन शोषण के आरोपी दिल्ली सचिवालय में तैनात संयुक्त सचिव एवी प्रेमनाथ के खिलाफ लोगों का गुस्सा थम नहीं रहा है। प्रेमनाथ के अवैध कब्जे हटाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार और पटवारी का घेराव किया।
विज्ञापन

प्रदर्शनकारियों ने कुछ प्रशासनिक अधिकारियों पर नशे में धुत होकर जांच करने पहुंचने का भी आरोप लगाया और मेडिकल कराने की मांग पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के भीतर डांडा कांडा से अवैध कब्जे नहीं हटाए गए तो बड़ा आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन यदि पहले ही जाग जाता तो न तो यहां जमीनों पर अवैध कब्जे होते और ना ही यौन शोषण के मामले प्रकाश में आते।
लोगों का आरोप था कि प्रशासन की नाक के नीचे अवैध कब्जे हो रहे हैं लेकिन पटवारी और प्रशासन के अधिकारी खामोश हैं। यह भी कहा कि फाउंडेशन के नाम पर पहाड़ में कुकृत्य हो रहे हैं, जिससे शांत वादियां अशांत हो रही हैं। पूंजीपति पहाड़ की जमीनों को खरीदकर यहां अय्याशी का अड्डा बना रहे हैं। राजनीति और रसूख के दम पर वह अनैतिक कार्य कर रहे हैं। इस मौके पर गोपाल देव, हेमंत रौतेला, गोपाल खोलिया, अर्जुन सिंह, रुद्र मेहरा, हिमांशु आर्या, अंकिता पडलिया, गोपाल बिष्ट, ललित आर्या, सोनू सिद्दीकी आदि मौजूद थे।
विज्ञापन

मंत्री रेखा के खिलाफ भी लगे नारे, इस्तीफे की मांग
रानीखेत। डांडाकांडा में कैबिनेट मंत्री और क्षेत्रीय विधायक रेखा आर्या के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई। आंदोलनकारियों ने कहा कि भाजपा सरकार बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ का नारा देती है लेकिन उन्हीं के राज में बेटियां असुरक्षित हैं। बाल विकास मंत्री इस मामले में अभी तक चुप्पी साधे हुई हैं। खुद महिला होने के बावजूद वह महिलाओं के लिए नहीं बोल रही हैं तो उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। संवाद
उपपा कार्यकर्ताओं ने निकाला जुलूस, नारेबाजी की
अल्मोड़ा। डांडाकंडा प्रकरण के विरोध में उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी अल्मोड़ा इकाई के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को नगर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया।
उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पीसी तिवारी ने कहा कि प्लीजेंट वैली के मालिक एवी प्रेमनाथ के ऊंचे रसूख के चलते शासन प्रशासन कार्रवाई करने से डर रहा है। आरोप लगाया कि पर्यटन के नाम पर समूचे पहाड़ को ऐशगाह बनाया जा रहा है। राजनीतिक संरक्षण के चलते पिछले 14 वर्षों में डांडा कांडा क्षेत्र अवैध रूप से सैकड़ों नाली जमीन पर कब्जा कर अपराधों, अराजकता, साजिशों का अड्डा बन गया है। दो दिसंबर 2008 को दी गई अनुमति का दुरुपयोग करते हुए इस संस्था ने सैकड़ों नाली सार्वजनिक भूमि पर कब्जा कर उस पर बड़े भवन बनाए हैं।
इस मौके पर केंद्रीय सचिव आनंदी वर्मा, गोविंद मेहरा, हेम पांडे, ईश्वर दत्त जोशी, जीवन चंद्र, अमीनुर्रहमान, गोपाल राम, भारती पांडे, बसंत राम, नारायण राम, हीरा देवी, सरिता मेहरा आदि मौजूद रहीं।
पटवारी तहसील में अटैच, तहसीलदार सोमेश्वर करेंगे आरोपों की जांच
अल्मोड़ा। डांडाकांडा प्रकरण में पटवारी हेमंत कुमार के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच के लिए जांच अधिकारी नामित कर दिया गया है। अग्रिम आदेश तक पटवारी को तहसील कार्यालय सोमेश्वर में अटैच कर दिया गया है।
प्रभारी डीएम सीएस मर्तोलिया ने बताया कि एसडीएम सदर ने डांडा कांडा प्रकरण में पटवारी हेमंत कुमार के तबादले की संस्तुति की है। संस्तुति के आधार पर प्रकरण की जांच के लिए तहसीलदार सोमेश्वर को जांच अधिकारी भी नामित किया गया है। उन्होंने तहसीलदार सोमेश्वर को जांच आख्या 15 दिन के भीतर डीएम कार्यालय अल्मोड़ा को पेश करने के निर्देश दिए हैं। संवाद

डांडा कांडा में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वार्ता करते आंदोलनकारी। संवाद- फोटो : RANIKHET

डांडाकांडा में स्कूल भवन के सामने धरना देते विभिन्न संगठनों के लोग। संवाद- फोटो : RANIKHET

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें