जसपुर। निवार मंडी गांव में तहसील प्रशासन की ओर से ग्राम समाज भूमि से अतिक्रमण हटाए जाने के आदेश के विरोध में ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। जिसमें अतिक्रमण हटाए जाने का आदेश निरस्त करने की मांग की।
ग्रामीणों ने तहसीलदार पूनम पंत को सौंपे ज्ञापन में कहा कि उनके गांव में खसरा संख्या 78 से 81 तक तथा खसरा संख्या 91, 94, 106 राजस्व अभिलेखों में बंजर ग्राम समाज भूमि दर्ज हैं। इन खसरा नंबर पर बीते 40-50 वर्षों से अपने पूर्वजों के मकानों में वह रहते चले आ रहे हैं। अतिक्रमण हटाने के नाम पर यदि उनके आवासों को तोड़ा गया, तो उन्हें भारी नुकसान होगा। वह लोग बेघर हो जाएंगे। चेतावनी दी यदि आवास तोड़े गए तो वह लोग बच्चों सहित आत्मदाह कर लेंगे। वहां पर विशन सिंह, नरेश कुमार, केहर सिंह, राजेंद्र सिंह, विमल कुमार, करण सिंह, हरस्वरूप सिंह, विमला देवी आदि थे।
धरना-प्रदर्शन जारी
जसपुर। तहसील प्रांगण में निवार मंडी गांव में सरकारी स्कूल, शिव मंदिर की भूमि तथा ग्राम समाज भूमि से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर तहसील प्रांगण में नारी रक्षा सेना संगठन का सातवें दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने गांव की ग्राम समाज भूमि से अतिक्रमण हटाए जाने की मांग की। धरने पर बैठने वालों में सूरज सिंह, दिनेश कुमार, प्रताप सिंह, हरि किशन सिंह, जसवीर सिंह, मुखराम सिंह, मंगल सिंह, विद्या देवी आदि शामिल रहे।