ताड़ीखेत में खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपते पीपली के ग्रामीण। संवाद
- फोटो : RANIKHET
ताड़ीखेत (अल्मोड़ा)। सुदूरवर्ती जूनियर हाईस्कूल पीपली में आठ माह बाद भी अंग्रेजी शिक्षिका की व्यवस्था नहीं होने से अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों में गहरा आक्रोश है। बीईओ को सौंपे ज्ञापन में शिक्षिका की विद्यालय में नियुक्ति नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
पीपली गांव शहीद मेजर चित्रेश बिष्ट का पैतृक गांव है। गांव के जूनियर हाईस्कूल में अंग्रेजी विषय की अध्यापिका नहीं होने के कारण अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों में रोष है। उनका कहना है कि स्थानीय विद्यालय की शिक्षिका को जूनियर हाईस्कूल सौनी में समायोजित कर दिया गया है, जिस कारण अब विद्यालय में अंग्रेजी विषय पढ़ाने वाला कोई नहीं है।
क्षेत्रीय प्रधानों और अभिभावकों के शिष्टमंडल ने बीईओ कार्यालय में ज्ञापन देकर समायोजित शिक्षिका को दोबारा पीपली में ही नियुक्ति देने की मांग उठाई है। ज्ञापन सौंपने वालों में सजगोड़ी की प्रधान पुष्पा देवी, सरना की प्रधान भगवती देवी, मदन सिंह, वीरेंद्र सिंह, गीता देवी, नंदन सिंह, राजेंद्र सिंह, मदन सिंह आदि शामिल रहे।