अल्मोड़ा। जिला विकास प्राधिकरण के विरोध में सर्व दलीय विकास संघर्ष समिति के बैनर तले एकजुट लोगों ने मंगलवार को नगर के चौघानपाटा स्थित गांधी पार्क में धरना दिया। उन्होंने नारे लगाकर विरोध जताया। धरना स्थल पर हुई बैठक में वक्ताओं ने कहा कि प्राधिकरण के मानकों के चलते नए भवनों के निर्माण कार्य में लोगों को परेशानियों से जूझना पड़ता है। लोग प्राधिकरण के विरोध में धरना देते आ रहे हैं लेकिन इसे खत्म नहीं किया जा रहा है। धरने पर प्रकाश चंद्र जोशी, हेम तिवारी, आलोक गोयल, भारत रत्न पांडेय, अख्तर हुसैन, प्रताप सिंह सत्याल, प्रत्येश कुमार पांडे, ललित मोहन पंत आदि बैठे।