फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: विधायक बिष्ट के खिलाफ उबाल, जुलूस निकाला

Mon, 18 Sep 2023 11:33 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा
विज्ञापन
द्वाराहाट में विधायक मदन बिष्ट का पुतला जलाते विद्यार्थी। संवाद 
विज्ञापन
द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डॉ. केकेएस मेर के घर जाकर उन्हें धमकाने और गाली-गलौज करने के मामले में कांग्रेस विधायक मदन बिष्ट के खिलाफ लोगों में गुस्सा बढ़ गया है। विधायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए इंजीनियरिंग कॉलेज के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार किया। कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ कर्मचारियों ने कार्रवाई की मांग करते हुए जुलूस निकालकर कस्बे की तीनों सड़कों को जाम कर दिया।
विज्ञापन




सोमवार सुबह करीब नौ बजे गौचर तिराहे पर कॉलेज के विद्यार्थी और कर्मचारी विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। इससे गोचर, रानीखेत और द्वाराहाट की सड़कों पर आवाजाही बंद हो गई और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। विद्यार्थियों ने कहा कि यह विधायक की दादागीरी है। पूरी जिम्मेदारी से काम कर रहे निदेशक को धमकाना गलत है। इस घटना से निदेशक के परिजन डरे हुए हैं और कॉलेज में भी दहशत का माहौल है। तीन घंटे बाद विद्यार्थी और कर्मचारी धरने से उठे, तब जाकर पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस मौके पर कॉलेज के एक हजार से अधिक विद्यार्थी और कर्मचारी शामिल रहे। उधर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष नारायण रावत ने भी निदेशक के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है।

राज्य आंदोलनकारियों ने कांग्रेस जिलाध्यक्ष के खिलाफ दी तहरीर

द्वाराहाट। घटना से आक्रोशित राज्य आंदोलनकारियों मनोज अधिकारी, चंदन नेगी, विरेंद्र बजेठा ने भी पुलिस में रानीखेत कांग्रेस जिलाध्यक्ष नारायण रावत के खिलाफ तहरीर दी। तीनों ने कहा कि नारायण रावत आए दिन गालीगलौज, धमकी देता है। उन्होंने नारायण रावत के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
विज्ञापन




-

एक घंटे तक लगा रहा जाम, एंबुलेंस भी फंसी

द्वाराहाट। गौचर तिराहे पर विद्यार्थियों के धरने पर बैठने से जाम लग गया जिसमें एंबुलेंस सहित गौचर, रानीखेत और द्वाराहाट आने जाने वाले सैकड़ों वाहन फंसे रहे। यात्रियों के साथ मरीज को जाम खुलने का इंतजार करना पड़ा। पुलिस के समझाने पर विद्यार्थी सड़क से उठे और वाहनों की आवाजाही शुरू हुई।



अल्मोड़ा में भाजपाइयों ने फूंका विधायक मदन बिष्ट का पुतला



अल्मोड़ा। द्वाराहाट इंजीनियरिंग कॉलेज के निदेशक डॉ. केकेएस मेर के आवास पर उन्हें और सीएम को लेकर अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा में विधायक मदन बिष्ट का पुतला फूंका। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा के नेतृत्व में चौघानपाटा में प्रदर्शन कर विधायक मदन बिष्ट का पुतला फूंका। बहुगुणा ने कहा कि विधायक बिष्ट ने सीएम के खिलाफ अमर्यादित शब्दों का प्रयोग किया। एक सरकारी कर्मचारी को धमकाना उनकी दादागिरी को दर्शाता है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों में गोविंद पिलखवाल, राजन जोशी, रवि रौतेला, धर्मेंद्र बिष्ट, मनीष जोशी, मोनू साह, कैलाश गुरुरानी आदि रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें