रानीखेत (अल्मोड़ा)। दिल्ली में खेली गई 24वीं डीडीए लेफ्टिनेंट गवर्नर्स गोल्फ टूर्नामेंट में विकास खंड ताड़ीखेत के ग्राम खुडोली निवासी प्रितीश सिंह करायत ने शानदार प्रदर्शन कर पहला स्थान हासिल किया है। 16 वर्षीय प्रितीश ने गोल्फ से जुड़ी कई नामचीन हस्तियों को पछाड़ते हुए जीत का परचम लहराया । प्रतियोगिता में पहला स्थान प्राप्त करने पर प्रितीश के गांव में जश्न का माहौल है। प्रितीश की सफलता पर दादा अनूप सिंह करायत समेत अन्य परिजन बेहद खुश हैं। अनूप सिंह के अनुसार वर्ष 2016 से लगातार प्रितीश गोल्फ खेल से जुड़ा हुआ है। उसका लक्ष्य बेहतर गोल्फर बन भारत का प्रतिनिधित्व करना है। प्रितीश की इस उपलब्धि पर विधायक प्रमोद नैनवाल, ब्लॉक प्रमुख हीरा रावत, गजेंद्र सिंह आदि खेलप्रेमियों ने खुशी जताई है।