चौखुटिया (अल्मोड़ा)। तीन साल पहले ध्वस्त हुई ढौन और रीठाचौरा की सड़क की मरम्मत न होने से लोगों में शासन-प्रशासन के खिलाफ आक्रोश है। प्रशासन को जगाने के लिए ग्रामीणों ने गांव के भूमियां मंदिर में एक पैर पर खड़े होकर भगवान से भूमियां से सड़क निर्माण के लिए राह दिखाने की विनती की है। लोगों का कहना था कि वे अपनी व्यथा लेकर अपने ईष्ट देव भूमियां के दरबार में पहुंचे हैं। अराधना करने वालों में केशव नेगी, हरीश सिंह,त्रिलोक सिंह, दीपू बिष्ट, हरीश सिंह, जीतू बिष्ट,महेश चंद्र व हरिदत्त आदि शामिल रहे।
बता दें कि 2015 में सड़क का निमार्ण हुआ था लेकिन इसके बाद से सोलिंग और डामरीकरण नहीं हो पाया। इसके बाद आई आपदा में सड़क ध्वस्त होने से आवागमन प्रभावित हो गया। वर्तमान में लोग वैकल्पिक मार्ग भटकोट के बरसांती नाले से आवागमन कर रहे हैं लेकिन बरसात शुरू होते ही यह मार्ग बंद हो जाता है जिससे आम जनता के साथ ही स्कूली बच्चों के लिए भी समस्या पैदा हो जाती है। सड़क निर्माण के दौरान गांव का तलाई तोक भी सड़क से जुड़ने से रह गया था, इस तोक के लोग भी सड़क से जोड़ने की मांग कर रहे हैं।
सड़क के ध्वस्त हुए हिस्से में पुनर्निर्माण व डामरीकरण के लिए 2.97 करोड़ का आगणन बनाकर भेजा गया है। इस राशि में ध्वस्त हिस्से के निर्माण पर लगने वाली अनुमानित राशि 46 लाख रूपए भी जोड़ा गया है। अधिक्षण अभियंता शीघ्र ही सड़क का निरीक्षण करेंगे उसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। - विजय सैनी, अपर सहायक अभियंता, लोनिवि, रानीखेत।