बागेश्वर। आगामी दीपावली त्योहार को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। कोतवाली पुलिस ने नगर क्षेत्र में आतिशबाजी बाजार का निरीक्षण कर व्यापारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। शुक्रवार को तहसीलदार दलीप सिंह, कोतवाल अनिल उपाध्याय और प्रभारी अग्निशमन अधिकारी गोपाल सिंह रावत ने बाजार क्षेत्र में पटाखे की दुकानों, गोदामों में फायर उपकरणों को चैक किया। व्यापारियों से स्थानीय स्तर पर आपसी सहयोग और सहभागिता से त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने व्यापारियों से सामान और अपने वाहनों को प्रतिष्ठानों के आगे सड़क पर न लगाने के निर्देश दिए। पटाखा व्यवसायियों से किसी भी प्रकार की अग्नि दुर्घटना को रोकने हेतु अपने प्रतिष्ठानों पर नियमानुसार फायर एक्सटिंग्विशर, पानी और रेत से भरी बाल्टियां रखने के निर्देश दिए।