फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: जागेश्वर में तीन दिन बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक

Mon, 09 Oct 2023 11:49 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जागेश्वर दौरे को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं हैं। पीएम की सुरक्षा को लेकर जागेश्वर में तीन दिन के लिए बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इस दौरान कोई भी पर्यटक यहां नहीं पहुंच पाएंगे। पुलिस सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही स्थानीय लोगों का सत्यापन किया है। तीन दिनों में स्थानीय लोगों को ही जागेश्वर क्षेत्र और अन्य स्थानों पर आवाजाही की इजाजत होगी। 11 अक्तूबर को शौकियाथल से जागेश्वर तक 16 किमी सड़क और जागेश्वर धाम जीरो जोन घोषित होगा।
विज्ञापन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक के कार्यक्रम के अनुसार 12 अक्तूबर को जागेश्वर धाम पहुंचेंगे। सूत्रों के मुताबिक वह सुबह 11:30 बजे तीन एमआई-17 हेलीकॉप्टर के साथ शौकियाथल मैदान में उतरेंगे। उन्हें शौकियाथल से सड़क मार्ग से जागेश्वर धाम पहुंचने में 20 से 25 मिनट का समय लगेगा। 25 से 30 मिनट जागेश्वर में बिताने के बाद वह करीब दोपहर एक बजे शौकियाथल से आदि कैलाश के लिए रवाना होंगे। उनके दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन एसपीजी सहित अन्य सभी सुरक्षा एजेंसियां तैयारी में जुटी हैं। उनकी सुरक्षा को देखते हुए मंगलवार यानी आज से जागेश्वर क्षेत्र में बाहरी लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। किसी भी बाहरी व्यक्ति को आरतोला से जागेश्वर की तरफ आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। तीन किमी के इस दायरे में पुलिस बल तैनात रहेगा। स्थानीय लोगों को भी आवाजाही के लिए जांच के दायरे से गुजरना होगा।



मुख्य मंदिर में करीब छह मिनट की होगी पूजा

अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य जागेश्वर मंदिर में छह मिनट पूजा करेंगे। इसके बाद पुष्टि देवी मंदिर और महा मृत्युंजय मंदिर में दो-दो मिनट पूजा होगी। इसके बाद वह मंदिर की परिक्रमा करेंगे। अंत में भैरव मंदिर में भी दर्शन करेंगे। इन सब के लिए करीब 25 से 30 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। पीएम के दौरे को लेकर मंदिरों की धुलाई करने के साथ ही बिजली, पानी सहित अन्य व्यवस्थाओं को युद्धस्तर में दुरुस्त किया जा रहा है।
विज्ञापन




कोविड के लक्षण मिले तो पूजा में भागीदारी नहीं निभा सकेंगे पुजारी

अल्मोड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 अक्तूबर को द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में 25 से 30 मिनट तक पूजा अर्चना करेंगे। पूजा करवाने वाले सभी 17 पुजारियों का कोविड टेस्ट करवाया जाएगा। यदि किसी में भी कोविड के लक्षण मिले तो वह पीएम के साथ होने वाली पूजा का भागीदार नहीं बन पाएगा।



पुण्यावाचन में ये पुजारी रहेंगे मौजूद

- पंडित नवीन चंद्र भट्ट, कैलाश चंद्र, शुभम भट्ट, तारा चंद्र भट्ट, विनोद कुमार भट्ट, गोपाल दत्त भट्ट, कैलाश चंद्र, महेश चंद्र, कौश्तुबानंद, बसंत बल्लभ, दीप चंद्र भट्ट, चंद्र शेखर भट्ट करेंगे।



पूजा कराने वाले पुजारियों की सूची

पं. बालादत्त, जागेश्वर मंदिर।

पं. हरीश चंद्र भट्ट, जागेश्वर मंदिर।

पं. कमल भट्ट, पुष्टि माता मंदिर।

पं. लक्ष्मी दत्त भट्ट, मृत्यूंजय मंदिर

पं. गोपाल दत्त, केदार मंदिर।

पं. नारायण नाथ, बटुकभैरव मंदिर।



एसपीजी ने ली बैठक

अल्मोड़ा। पीएम दौरे को लेकर एसपीजी ने सोमवार को सुरक्षा संबंधी बैठक ली। टीम ने इसके बाद जागेश्वर धाम का भी निरीक्षण किया। जागेश्वर स्थित पर्यटन आवास गृह में प्रशासन, पुलिस के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। वहीं पूजा-अर्चना कराने वाले पुजारियों के साथ भी बातचीत हुई। इस दौरान मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में फाॅगिंग भी की गई। इस अवसर पर डीएम विनीत तोमर, एसएसपी रामचंद्र राजगुरु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विज्ञापन



प्रधानमंत्री नरेंद्र मौदी के दौरे को लेकर तैयारी चल रही है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे।

-रामचंद्र राजगुरु, एसएसपी, अल्मोड़ा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें