अल्मोड़ा। छह महीने के लंबे इंतजार के बाद उरेडा को राज्य योजना के तहत जिले के 11 विकासखंडों में स्थापित करने के लिए 1900 सोलर लाइट मिली हैं। सोलर लाइट स्थापित करने की शुरुआत लमगड़ा के गांवों से होगी। यहां अंधेरी गलियां सोलर लाइट की रोशनी से जगमगाएंगी वहीं इससे वन्य जीवों की आबादी में आवाजाही रुकेगी और खतरा कम होगा।
जिले के 11 विकासखंडों में सोलर लाइट स्थापित करने की योजना जल्द धरातल पर उतरेगी। उरेडा विकासखंड के गांवों में 1900 सोलर लाइट स्थापित कर यहां की अंधेरी गलियों को रोशन करेगा। अब तक जिले के अधिकांश गांवों में पथ प्रकाश की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में रात के समय रास्ते अंधकार में डूबे रहते हैं और अंधेरे में वन्य जीवों के आबादी तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। सोलर लाइट की रोशनी से वन्य जीवों की आबादी में आवाजाही रोकने की योजना है। संवाद
लाइट की पांच साल की होगी वारंटी
अल्मोड़ा। उरेडा के मुताबिक इन सोलर स्ट्रीट लाइट की पांच साल की वारंटी होगी। चार्जिंग प्लेट पर ही लिथियम बैटरी लगी होगी, इससे बैटरी चोरी होने का खतरा भी नहीं होगा। सभी लाइटों पर विभाग का नाम और स्थापित करने की तिथि अंकित रहेगी,। ऐसे में खराबी आने पर इनके ठीक करने की जिम्मेदारी भी उरेडा की होगी।
राज्य योजना के तहत स्थापित होने वाली स्ट्रीट लाइट विभाग को उपलब्ध हो गई हैं। 11 ब्लॉक में चयनित स्थानों पर जल्द लाइट स्थापित होंगी। -मनोज कुमार बजेठा, परियोजना अधिकारी, उरेडा, अल्मोड़ा।