अल्मोड़ा। जैंती और भैंसियाछाना पीएचसी का जल्द उच्चीकरण होगा और इन्हें सीएचसी का दर्जा मिलेगा। यहां मरीजों के लिए 40 बेड का अस्पताल बनेगा और सुविधाओं का भी विस्तार होगा। एक्सरे मशीन और पैथ लैब स्थापित होगी और क्षेत्र की 80 हजार की आबादी को बेहतर उपचार के लिए अन्य अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
जैंती और भैंसियाछाना पीएचसी का उच्चीकरण करने की पहल स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दी है। शासन स्तर पर विभाग से अस्पतालों के उच्चीकरण के लिए प्रस्ताव मांगे गए थे। विभागीय अधिकारियों ने क्षेत्र की आबादी और बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को देखते हुए इन दोनों पीएचसी का उच्चीकरण करने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रस्ताव शासन में भेजा गया है, जिसे जल्द स्वीकृति मिलने की उम्मीद है। अधिकारियों के मुताबिक यहां उच्चीकरण के बाद दोनों को सीएचसी का दर्जा मिलने पर 10 के सापेक्ष 40 बेड का अस्पताल भवन बनेगा और इसमें एक्सरे, पैथोलॉजी लैब सहित अन्य सुविधाओं का विस्तार होगा। संवाद
विशेषज्ञ चिकित्सकों की होगी तैनाती
अल्मोड़ा। जैंती और भैंसियाछाना पीएचसी का उच्चीकरण होने पर यहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती होगी। अधिकारियों के मुताबिक पीएचसी में विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद स्वीकृत नहीं हैं। उच्चीकरण के बाद सीएचसी में महिला, बाल रोग सहित अन्य विशेषज्ञों की तैनाती की जाएगी, इसका सीधा लाभ क्षेत्र की बढ़ी आबादी को मिलेगा।
- जिले में जैंती और भैंसियाछाना पीएचसी का उच्चीकरण कर यहां सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इसका लाभ मरीजों को मिलेगा।
- डॉ. आरसी पंत, सीएमओ, अल्मोड़ा।