चौखुटिया (अल्मोड़ा)। विकास खण्ड के ग्राम बसभीडा में कृषि विभाग की ओर से जंगली जानवरों की रोकथाम के लिए बनाई गई घेरबाड़ से कृषकों को काफी राहत मिली है। जंगल के रास्ते की तरफ बनाई गई 280 मीटर लंबी सामूहिक घेरबाड़ की लागत 4.50 लाख रुपए बताई गई है। मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार ने बताया यह योजना बहुत कारगर साबित हो रही है। बसभीड़ा में बनाई गई घेरबाड़ से कृषकों को कुछ हद तक सुअर आदि जंगली जानवरों से राहत मिल रही है। मुख्य कृषि अधिकारी कुमार ने बताया कि घेरबाड़ से करीब 4 से 6 हैक्टेयर क्षेत्र आच्छादित है। पूर्व में जंगली जानवरों जैसे जंगली सुअर, हिरन आदि पशु फसलों को नुकसान पहुंचा रहे थे जिससे कृषकों का कृषि के प्रति मोह कम हो रहा था। कृषकों की मांगानुसार उक्त क्षेत्र के जंगल से लगे हुए एवं जानवरों के मुख्य रास्ते को कांटेदार तार से घेरबाड़ की गई है।
बताया कि कृषकों की ओर से धान, गेहूं आदि फसलों एवं आलू, गोभी, टमाटर इत्यादि सब्जियों का उत्पादन किया जा रहा है। उक्त क्षेत्र की घेरबाड़ हो जाने से कृषक फसल एवं सब्जी उत्पादन में अधिक रूचि ले रहे हैं। इधर प्रधान कंचन तिवारी ने बताया कि योजना से कृषकों को कुछ हद तक राहत मिली है। योजना को और व्यापक स्तर पर लागू करने की जरूरत है।