अल्मोड़ा। नगर क्षेत्र में बढ़ते वन्यजीवों के आतंक को लेकर शनिवार को नगर निगम के पार्षदों ने नगर मेयर अजय वर्मा को ज्ञापन देकर समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि नगर के कई क्षेत्रों में तेंदुए, बंदर और जंगली सुअरों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। बंदर न केवल लोगों के घरों में घुस रहे हैं बल्कि राह चलते लोगों पर हमला कर रहे हैं और उनके हाथों से सामान भी छीन रहे हैं। तेंदुए भी रिहायशी इलाकों के आसपास दिखाई दे रहे हैं जिससे लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि जंगली सुअर बागवानी को गंभीर नुकसान पहुंचा रहे हैं जिससे स्थानीय लोगों को आर्थिक हानि का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन सौंपने वालों में पार्षद चंचल दुर्गा, वैभव पांडे, गीता बिष्ट, वंदना वर्मा, गुंजन सिंह चम्याल, हेमचंद तिवारी, कुलदीप सिंह मेर, अंजू बिष्ट, भूपेंद्र चंद जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहे। संवाद