अल्मोड़ा। जिला स्तर के अधिकारियों के जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायतों की बैठकों में न पहुंचने की शिकायत को जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडे ने गंभीरता से लिया है। जिलाधिकारी ने जनपद स्तर के अधिकारियों को इन बैठकों में अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जो अधिकारी इन बैठकों में प्रतिभाग नहीं करेंगे। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा है कि जनपद स्तर के अनेक अधिकारी जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायतों की बैठकों में प्रतिभाग नहीं कर रहे हैं। इस कारण जनप्रतिनिधि नाराजगी व्यक्त करते हैं और जनहित के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। डीएम ने कहा है कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर नहीं हो रहा है और शिकायतें शासन स्तर पर भेजी जा रही हैं।
जिलाधिकारी पांडे ने जिले के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं वह अनिवार्य रूप से इन बैठकों में प्रतिभाग करना सुनिश्चित करेंगे। अपरिहार्य कारणों से अगर अधिकारी बैठकों में शामिल नहीं हो पा रहे हैं तो वह इसकी जानकारी डीएम और सीडीओ को देंगे। जिलाधिकारी ने कहा है कि इन बैठकों के पहले दो घंटों में अधिकारी अपने अपने विभाग की योजनाओं और किए गए कार्यों की जानकारी देंगे। उसके बाद जनप्रतिनिधियों की समस्याओं और सवालों पर चर्चा होगी। कहा कि अगर इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।