रानीखेत (अल्मोड़ा)। विकासखंड ताड़ीखेत के ग्राम पंचायत मकड़ों-पीपलटाना के ग्रामीणों ने गांव में लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्याओं को लेकर बुधवार को अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन दिया। ग्राम प्रधान प्रियंका पांडेय ने बताया कि गांव में बिजली आपूर्ति में लगातार कटौती और वोल्टेज के उतार-चढ़ाव से घरेलू उपकरण खराब हो रहे हैं। बिजली लाइन कई स्थानों पर पेड़ों की टहनियों के संपर्क में है जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होने और हादसे का खतरा बना रहता है। इसके अलावा ग्राम सभा में लगे बिजली के खंभे जर्जर और झुके हुए हैं जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि इन सभी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए। इस दौरान उमेश पांडेय, मुकुल पांडेय, कमल किशोर पांडेय, मनोज पांडेय, पान सिंह, इंदर सिंह, जगत सिंह, योगेश पांडेय, पंकज पांडेय आदि मौजूद रहे। संवाद