अल्मोड़ा। पांच दिन बाद भी एक स्टेट हाईवे सहित छह सड़कों को नहीं खोला जा सका है। 20 से अधिक गांवों का संपर्क कट गया है। गांवों में राशन, सब्जी सहित अन्य दैनिक जरूरत के सामान की आपूर्ति न होने से 8000 से अधिक की आबादी परेशान है। ग्रामीणों को पैदल आवाजाही कर दैनिक जरूरत के सामान का प्रबंध करना पड़ रहा है।
लंबे समय बाद भी सड़कों पर आवाजाही शुरू न होने से ग्रामीणों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बीमार और गर्भवतियां भी पैदल सफर कर जांच और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचने के लिए मजबूर हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने कहा कि बंद सड़कों को खोलने के लिए जेसीबी लगाई गई हैं। जगह-जगह मलबा और बोल्डर गिरने से दिक्कत आ रही है। जल्द सभी सड़कों पर आवाजाही शुरू होगी। संवाद
इन मार्गों पर ठप है आवाजाही
खैरना-रानीखेत-रामनगर, जैंती-नया संग्रोली, धौलादेवी-बजेनी, जैंती-सेल्टा चापड़, दन्योली-चौकुना, मोरनौला-खांकर।