भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। भिकियासैंण ब्लाॅक के पांच से अधिक गांवों के ग्रामीणों ने सड़क सुधारीकरण की मांग पर तहसील कार्यालय का घेराव कर नायब तहसीलदार दिवान गिरि को ज्ञापन दिया। लोगों ने 10 दिन के भीतर सड़क सुधारीकरण नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
मंगलवार को गुनसर, कड़ाकोट, जिल्हौडा, बैना, घेरा, बंगोडा के ग्रामीणों ने उनके गांवों को जोड़ने वाली सड़क की बदहाली पर नाराजगी जताते हुए तहसील कार्यालय का घेराव किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़क बदहाल है जिसकी सुध नहीं ली जा रही। सीएम पोर्टल पर शिकायत की गई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इस सड़क पर आवाजाही मुश्किल है और वाहन चालक वाहनों के संचालन से परहेज कर रहे हैं। ऐसे में इस सड़क का उनके लिए कोई औचित्य नहीं है। चेतावनी दी कि जल्द सड़क सुधारीकरण नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे। वहां प्रधान रुपेंद्र सिंह, भगवती प्रसाद, मनोहर सिंह, नरेंद्र सिंह, जगत सिंह, नंदन सिंह, टीका सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद