मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट विकासखंड के रतनकोट में एक साथ तीन तेंदुए दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत है।उन्होंने वन विभाग से तेंदुओं को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। वहीं एक साथ तीन तेंदुए दिखने की सूचना के बाद वन विभाग की टीम ने गांव में डेरा डाला है।
रतनकोट, पीपनाकोट में लंबे समय से तेंदुए की सक्रियता बनी हुई है। मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे एक साथ तीन तेंदुए गांव के नजदीक पहुंच गए। ग्रामीणों ने इनकी तस्वीर अपने मोबाइल में कैद की है। गांव के नजदीक एक साथ तीन तेंदुओं की चहलकदमी से ग्रामीणों में दहशत पैदा हो गई और वे बच्चों को लेकर घरों के भीतर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना के बाद वन विभाग के पांच लोगों की टीम गांव के आसपास इलाके में गश्त कर रही है। रतनकोट के ग्राम प्रधान केशव राम, सरपंच हेमा देवी, पूर्व सरपंच कैलाश चंद्र शर्मा, भुवन चंद्र शर्मा, पीनाकोट सरपंच उत्तम सिंह, प्रधान प्रभा देवी, शिव सिंह, राम सिंह, मोहन सिंह, नंदन सिंह, ललित सिंह बिष्ट आदि ने वन विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन भेजकर जल्द तेंदुओं को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। संवाद
कार्बेट पार्क से भी पहुंचा बाघ
मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट के घटकोट गांव में कार्बेट पार्क से बाघ भी पहुंचा है। बीते शनिवार को वन विभाग ने क्षेत्र के के 10 सरपंचों को बाघ की लोकेशन भेजकर सतर्कता बरतने की हिदायत जारी की। तब विभागीय टीम ने घटकोट और आसपास के गांवों में डेरा जमाते हुए बाघ की खोजबीन की। हालांकि टीम को बाघ नजर नहीं आया जबकि ग्रामीणों ने इसके नजर में आने का दावा किया है।
रतनकोट में तीन तेंदुए एक साथ नजर आए हैं। टीम को गांव भेजा गया है जो गश्त कर इनकी सक्रियता का पता लगाएगी। ग्रामीणों को भी सतर्कता बरतनी होगी।
- गंगासरन, रेंजर, सल्ट।