अल्मोड़ा। उत्तराखंड पूर्व पैरामिलिट्री कल्याण समिति की सोमवार को नगर पालिका सभागार में हुई बैठक में वक्ताओं ने पूर्व पैरामिलिट्री कर्मियों को वन रैंक-वन पेंशन देने की पुरजोर मांग की। उन्होंने लंबित मांगें पूरी न होने पर 2024 के लोकसभा चुनाव का परिजनों संग बहिष्कार करने की चेतावनी दी।
वक्ताओं ने कहा कि सेना की तर्ज पर पूर्व पैरामिलिट्री कर्मियों को वन रैंक-वन पेंशन नहीं दी जा रही है। उन्होंने इसे सरकार का सौतेला व्यवहार करार देते हुए शीघ्र वन रैंक-वन पेंशन देने की मांग की। कहा कि सेना की तर्ज पर पैरामिलिट्री कल्याण बोर्ड का गठन किया जाए। जिसकी जिलों में भी शाखाएं खोली जाएं ताकि पैरामिलिट्री कर्मियों की समस्याओं का समाधान हो सके। उन्होंने पैरामिलिट्री कर्मियों को कैंटीन में 50 प्रतिशत जीएसटी की छूट देने की मांग भी की।
उन्होंने कहा कि यदि मांगें शीघ्र पूरी न हुई तो पूर्व पैरामिलिट्री कर्मी परिवार संग 2024 के लोकसभा चुनावों का बहिष्कार करेंगे। इसके लिए 29 अक्तूबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक की जाएगी। पैरामिलिट्री कर्मियों को समिति से जोड़ने के लिए गांव-गांव सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। अध्यक्षता मनोहर सिंह नेगी और संचालन सचिव रूप सिंह बिष्ट ने किया। इस दौरान दीवान सिंह, जगदीश चंद आर्या, हेमंत कुमार पंत, तेज सिंह, विशन सिंह, गंगा सिंह, डूंगर सिंह, बीडी सनवाल, महेंद्र नाथ, त्रिलोक कड़ाकोटी, दीवार बोरा, हीरा सिंह रावत आदि मौजूद रहे।
पूर्व पैरामिलिट्री कर्मी बोले
वन रैंक- वन पेंशन नहीं मिलने से पूर्व पैरामिलिट्री कर्मी परेशान है। जब सेना को यह सुविधा दी जा रही है तो फिर हमें क्यों नहीं?
- मनोहर सिंह नेगी, कुमाऊं मंडल अध्यक्ष
पैरामिलिट्री कल्याण बोर्ड न होने से समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। लंबित मांगे शीघ्र पूरी न होने पर आंदोलन किया जाएगा।
- केबी पांडे, संरक्षक