रानीखेत (अल्मोड़ा)। चौबटिया में सेना की तरफ से आसपास के ग्रामीणों की आवाजाही की मुख्य सड़क और पैदल मार्ग चौबटिया-नागपानी- देहोली आम जनता के लिए बंद कर दिया, इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। चौबटिया फार्म के कर्मचारी भी कार्यस्थल नहीं पहुंच सके और विद्यार्थियों को भी घंटों रास्ता खुलने का इंतजार करना पड़ा। बाद में मौके पर पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों ने सैन्य अधिकारियों से वार्ता कर रास्ता खुलवाया। तब जाकर लोग गंतव्य को रवाना हो सके।
शुक्रवार सुबह चौबटिया, देहोली, नागपानी के लोग बाजार और विद्यार्थी विद्यालय जाने के लिए चौबटिया पहुंचे। लेकिन सेना की तरफ से मोटर मार्ग और पैदल रास्ते को आम लोगों के लिए बंद कर दिया गया, जिससे सभी वहीं फंस गए। उद्यान कर्मी भी चौबटिया फार्म जाने के लिए पहुंचे तो हे भी रास्ता बंद होने के कारण से आगे नहीं जा सके। सभी लोग सेना के जवानों से पैदल रास्ता और सड़क खोलने की मिन्नतें करते रहे। मगर उन्हें मायूसी ही हाथ लगी। जवानों ने सेना का रास्ता और सड़क होने का हवाला देकर मार्ग खोलने से इंकार कर दिया। मजबूर होकर यहां फंसे लोगों ने संयुक्त मजिस्ट्रेट जय किशन से मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने तहसीलदार हेमंत मेहरा को मौके पर भेजा। घंटों चली वार्ता के बाद सेना की तरफ से पैदल रास्ता और सड़क खोली गई, तब जाकर लोग और विद्यार्थी अपने गंतव्य को रवाना हो सके। चार घंटे बाद सड़क और पैदल रास्ता खुलने पर लोगों ने राहत की सांस ली। संवाद
आक्रोशित ग्रामीण रानीखेत जाकर संयुक्त मजिस्ट्रेट से मिले, ज्ञापन सौंपा
रानीखेत। चौबटिया-नागपानी-देहोली सड़क और पैदल रास्ता आसपास के पांच से अधिक गांवों की तीन हजार से अधिक की आबादी का आवाजाही का एकमात्र जरिया है। ग्रामीणों ने बताया कि आए दिन सेना इस रास्ते और सड़क पर अपना अधिकार जमाते हुए इन्हें बंद कर देती है, जिससे वे परेशान हैं। शुक्रवार को पैदल रास्ता और सड़क बंद करने से आक्रोशित ग्रामीणों ने रानीखेत पहुंचकर संयुक्त मजिस्ट्रेट जयकिशन को ज्ञापन देते हुए इस गंभीर समस्या के स्थाई समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सेना फिर से रास्ता और सड़क बंद करेगी तो उनका गांवों से बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा। जबकि वे सालों से इसी पैदल रास्ते और सड़क का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने जल्द समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। यहां गंगा देवी, कलावती, कुंदन सिंह सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
बोले लोग
इस मार्ग का उपयोग हम सालों से कर रहे हैं। लेकिन सेना की तरफ से समय-समय पर इसे बंद कर दिया जाता है। सेना का यह रवैया उचित नहीं है। - सूरज कुमार, चौबटिया।
घर से कॉलेज के लिए निकला। लेकिन रास्ता बंद होने से कॉलेज नहीं पहुंच सका। आए दिन इस तरह की समस्या झेलनी पड़ रही है, इसका स्थाई हल होना चाहिए। - सागर, चौबटिया।
सेना की तरफ से रास्ता बंद करने की सूचना मिलने पर अधिकारियों को मौके पर भेजा गया। मामले में सैन्य अधिकारियों के साथ वार्ता की जाएगी।- जय किशन, संयुक्त मजिस्ट्रेट, रानीखेत।