अल्मोड़ा। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय की देखरेख में हवालबाग में धान की फसल की क्रॉप कटिंग (कटाई) का कार्य किया गया। डीएम ने बताया कि विभिन्न फसलों का क्रॉप कटिंग का प्रयोग राजस्व विभाग, कृषि संख्यिकी विभाग की ओर से संयुक्त रूप से किया जाता है। इन क्रॉप कटिंग प्रयोगों से प्राप्त उत्पादन के ऑकड़ों का प्रयोग उत्पादन का अनुमान लगाने, उत्पादकता की गणना करने एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अन्तर्गत बीमा दावों का भुगतान किये जाने में होता है। डीएम ने स्वयं भी धान की फसल काटकर किसानों को खेती के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किसानों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आधुनिक व जैविक खेती करने के लिए कई कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं, उन्होंने कृषकों से इसका अधिक से अधिक लाभ लेने को कहा। डीएम ने मक्का एवं मडुवा जैसी फसलों को बढ़ाने पर जोर दिया। इस दौरान सांख्यिकी अधिकारी अशोक कुमार, डॉ.जयप्रकाश आदित्य, तहसीलदार ज्योति धपवाल, प्रधान अमित शाह आदि थे।