द्वाराहाट सीएचसी में शो पीस बना ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट।। संवाद
- लंबे समय से खराब है प्लांट नहीं हुए ठीक करने के प्रयास, कोरोना संक्रमण तेज होते ही विभाग को आई याद, बुलाए तकनीशियन
संवाद न्यूज एजेंसी
अल्मोड़ा। जिले में कोरोना की रफ्तार तेज हो गई है। इससे निपटने के इंतजाम नाकाफी हैं और मजबूती से सामना करने के दावे हो रहे हैं। छह माह से खराब द्वाराहाट सीएचसी में स्थापित ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट इसकी तस्दीक कर रहा है।
जिले में बीते पांच दिन में कोरोना संक्रमण के 11 मामले सामने आए हैं और स्वास्थ्य विभाग ने इससे निपटने को मॉक ड्रिल कर तैयारी पूरे होने के दावे किए हैं। द्वाराहाट सीएचसी में स्थापित 200 एलपीएम का खराब पड़ा ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट इन दावों को पलीता लगा रहा है। छह माह से अधिक समय से यह प्लांट शो पीस बना है, जिसे ठीक करने के प्रयास नहीं हुए। इस बीच कोरोना संक्रमण बढ़ने से विभाग को इसकी याद आई है। विभाग इसे ठीक करने के लिए तकनीशियन बुलाने की बात कर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ने में जुट गया है।
-
कोरोना से सामना करने को चिकित्सकों की कमी
अल्मोड़ा। कोरोना से निपटने के दावे हो रहे हैं लेकिन विभाग स्वास्थ्य कर्मियों से की कमी से जूझ रहा है। जिले में चिकित्सकों के 122 पद रिक्त चल रहे हैं। बीते कोरोना काल में सैंपलिंग और टीकाकरण में जुटे 76 स्वास्थ्य कर्मी भी बाहर बैठे हैं।
कोट- द्वाराहाट सीएचसी में स्थापित ऑक्सीजन जनरेशन प्लांट को ठीक करने के लिए तकनीशियन बुलाए गए हैं। इसे जल्द ठीक कर लिया जाएगा।
डॉ. आरसी पंत, सीएमओ, अल्मोड़ा।