धौलछीना में अंग्रेजी शराब की दुकान पर छापा मारती आबकारी विभाग की टीम।
- फोटो : ALMORA
धौलछीना (अल्मोड़ा)। आबकारी विभाग के छापा मारने और चालान की कार्रवाई करने के बाद भी धौलछीना क्षेत्र के कुछ शराब कारोबारी ओवररेट शराब बेचने से बाज नहीं आ रहे हैं। इन्होंने दुकानों पर रेट लिस्ट भी चस्पा नहीं की है। इसकी सूचना पर शुक्रवार को आबकारी निरीक्षक एनएस मर्तोलिया ने एक बार फिर धौलछीना स्थित अनुज्ञापी चंदन सिंह की शराब की दुकान में छापा मारा। मर्तोलिया को फिर से सेल्समैन की ओर से ओवररेट में शराब बेचे जाने के साक्ष्य मिले। साथ ही दुकान से रेट लिस्ट भी नदारद मिली। जबकि कुछ दिन पहले की गई कार्रवाई के बाद आबकारी विभाग ने अंग्रेजी और देश शराब के सभी ठेका स्वामियों को रेट लिस्ट मुहैया कराकर उन्हें दुकान पर चस्पा करने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। मर्तोलिया ने खुद दुकान पर रेट लिस्ट चस्पा की और उसे हटाने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी दी। उन्होंने दुकान के सेल्समैन को यह चेतावनी भी दी कि यदि दुकान में फिर से ओवररेट पर शराब बेचे जाने की शिकायत मिली तो गिरफ्तारी की जाएगी।