अल्मोड़ा। नगर के माल रोड स्थित एक होटल में युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई है। युवक फंदे में लटका मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। मामले में अभी केस दर्ज नहीं हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक लमगड़ा विकासखंड के फायना बजवाड़ निवासी भास्कर तिवारी (23) पुत्र पूरन चंद्र तिवारी छलड़ी के दिन अल्मोड़ा के माल रोड स्थित एक होटल में ठहरा था। बृहस्पतिवार की शाम से ही वह होटल के कमरे से बाहर नहीं निकला। उन्होंने युवक के कमरे का दरवाजा कई बार खटखटाया पर युवक ने दरवाजा नहीं खोला। देर शाम तक होटल का कमरा नहीं खुला तो होटल कर्मचारियों को अनहोनी की आशंका सताने लगी। होटल कर्मियों ने दरवाजा खोल कर देखा तो युवक फंदे से लटका था। होटल कर्मियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और आनन फानन में युवक को अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
युवती को संबोधित कर लिखा तुमने ऐसा किया...मै जा रहा हूं
अल्मोड़ा। घटनास्थल से पुलिस को सुसाइड नोट मिला है। पुलिस के मुताबिक सुसाइड नोट में युवक ने आत्महत्या करने की बात लिखी है। युवक ने एक युवती का नाम लिए बिना लिखा है तुमने ऐसा किया.. मैं जा रहा हूं। युवक ने सुसाइड नोट में युवती के नाम का कही भी उल्लेख नहीं किया है लेकिन उसे संबोधित करते हुए लिखा है कि मैं जा रहा हूं। इससे मामला प्रेस प्रसंग का लग रहा है। युवक ने अपने कृत्य के लिए मम्मी, पापा से भी माफी मांगी है।
नगर के एक होटल में युवक का शव फंदे से लटका मिला है। युवक के पास से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। मामले में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।
-राजेश कुमार यादव, कोतवाल अल्मोड़ा।