नियमितीकरण करने समेत विभिन्न मांगें पूरी नहीं होने से उपनल कर्मचारियों में आक्रोश बढ़ गया है। उपनल कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर सभी विभागों के उपनल कर्मी ‘घेरा डालो डेरा डालो’ आंदोलन के तहत नौ मार्च से कार्य बहिष्कार कर देहरादून में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे। जिले के विभिन्न विभागों में तैनात उपनल कर्मी आंदोलन में भाग लेने के लिए मंगलवार को देहरादून के लिए रवाना हो गए हैं।
इससे पूर्व जिला पंचायत परिसर में हुई कर्मचारियों की सभा में वक्ताओं ने कहा कि विभागों में उपनल के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को चयन आयोग की परिधि से बाहर रखा जाए। उन्होंने शासकीय और अशासकीय कर्मचारियों की तरह वेतन निर्धारण कर तत्काल वेतन वृद्धि देने और निगम कर्मचारियों की तरह समय-समय पर डीए की भी मांग की। इसके अलावा उपनल से कार्यरत महिला कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश देने, विभागों से हटाए गए कर्मचारियों को तत्काल बहाल करने की मांग की।
बैठक में कुमाऊं मंडल उपाध्यक्ष दिनेश आर्या, जिलाध्यक्ष गिरीश कुमार चन्याल, महासचिव हितेश वर्मा, उपाध्यक्ष दिनेश आर्या आदि थे। बता दें कि राजकीय महाविद्यालयों, वाणिज्य कर विभाग, आटीआई, लोक निर्माण विभाग, सेवायोजन कार्यालय, जिला खाद्य पूर्ति विभाग, उद्यान विभाग समेत कई विभागों में उपनल कर्मी तैनात हैं।