बागेश्वर/कौसानी। जिले में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व की धूम रही। नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक जन्माष्टमी महोत्सव आयोजित गए। नगर के राधाकृष्ण मंदिर में चार दिवसीय आयोजन जारी है।। बिलौना और कौसानी में भव्य शोभायात्रा के साथ जन्माष्टमी उत्सव संपन्न हुआ।
नगर के राधाकृष्ण मंदिर में बृहस्पतिवार को भी पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मंदिर में भजन कीर्तन भी हुए। इससे पूर्व बुधवार की रात ठीक बारह बजते ही आतिशबाजी से नगर गुंजायमान हो गया। भक्तों ने मंदिर में जयकारे लगाए और विधिवत रूप से भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया। शुक्रवार शाम मंदिर में भंडारा आयोजित किया जाएगा और शनिवार को बाजार में शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसी दौरान दही हांडी तोड़ने की प्रतियोगिता भी होगी।
इधर, जिला मुख्यालय के बिलौना में ग्रामीणों ने भव्य शोभायात्रा निकाली। बाजार में दही हांडी का आयोजन किया गया। गोविंदा बने युवाओं ने अलग-अलग टोली बनाकर दही हांडी फोड़ने के लिए पूरा जोर लगाया। शोभायात्रा देखने के लिए बिलौना वार्ड के लोग सड़क किनारे एकत्र थे।
उधर, कौसानी में दो दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन बाजार में रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किए गए। सायंकाल द्वारिकाधीश मंदिर से महंत हरि गिरि के नेतृत्व में नगर में राधाकृष्ण की भव्य झांकी निकाली गई। व्यापार मंडल के सदस्य और क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों से आए लोगों ने कार्यक्रम में भागीदारी की।
सत्यनारायण मंदिर में कृष्ण लीला का हुआ मंचन
गरुड़ (बागेश्वर)। सत्यनारायण मंदिर तैलीहाट में कृष्ण लीला का गांव के बच्चों ने मंचन किया। मंदिर में हर साल की भांति इस बार भी जन्माष्टमी पर्व पर देर रात तक कृष्ण लीला का मंचन हुआ। मंदिर के पुजारी विपिन जोशी ने बताया कि रात 12 बजे तक मंदिर में भजन कीर्तन हुए। संवाद
अल्मोड़ा में धूमधाम से मनाई जन्माष्टमी, हुए रंगारंग कार्यक्रम
अल्मोड़ा। जिले में जन्माष्टमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। कहीं राधा-कृष्ण की झांकी निकाली गई तो कहीं रंगारंंग कार्यक्रम में लोग जमकर थिरके।
पुलिस लाइन में बीते बुधवार रात जन्माष्टमी महोत्सव का मुख्य अतिथि सांसद अजय टम्टा ने दीप जलाकर शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों को जन्माष्टमी की बधाई दी। इसके बाद पुलिस कर्मियों और उनके परिजनों से रंगारंग कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति देकर समा बांधा। कृष्ण और राधा ने मयूर नृत्य कर गोपियों संग फूलों की होली खेली।
कलाकारों ने कुमाऊंनी, हिंदी और पंजाबी गीतों की प्रस्तुति दी। इन गीतों की धुन पर एसएसपी रामचंद्र राजगुरु सहित अन्य पुलिस कर्मी जमकर थिरके। यहां पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश बहुगुणा, डीएम विनीत तोमर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दया राम, सीडीओ आकांक्षा कोण्डे, डीएफओ दीपक सिंह, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चन्द्र जोशी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र भोज आदि मौजूद रहे। संवाद
जन्माष्टमी पर निकाली कलश यात्रा
अल्मोड़ा/चौखुटिया। जन्माष्टमी पर्व पर धूनी मंदिर समिति राजपुर की ओर से नगर में भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान कलाकारों ने राधा-कृष्ण का स्वांग रच छोलिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। यहां मंदिर समिति अध्यक्ष किशन लाल, रमेश लाल, सांस्कृतिक संयोजक चंद्रशेखर आर्य आदि मौजूद रहे।
वहीं एनटीडी में जन्माष्टमी पर्व पर बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता हुई। उन्होंने राधा कृष्ण की पोषाक में कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। शिव मंदिर समिति की ओर से बच्चों को पुरस्कृत किया गया। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर जैंती में प्रबंधक पूरन भंडारी, आरएसएस के जिला प्रचारक आशुतोष, प्रधानाचार्य उज्ज्वल जैंतवाल ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जन्माष्टमी की शुभकामना दी। यहां विद्यालय संरक्षक श्याम नारायण पांडे आदि मौजूद रहे।
इधर, अगनेरी मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव के तीसरे दिन दही हांडी कार्यक्रम में भीड़ उमड़ी। नृपेंद्र कुमार जोशी के नेतृत्व में बाल गोपालों की टीम के साथ आए कान्हा ने दही की मटकी फोड़ी। इससे पूर्व भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरा बजरंग दल कार्यकर्ताओं की ओर से लोगों को बुरांश का जूस पिलाया गया। प्रधान दिनेश मनराल, पुजारी केवलानंद जोशी आदि मौजूद रहे।