द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। आखिरकार 19 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद बिंता की पटवारी चौकी आबाद हो गई है। दरअसल 2005 में यहां दो मंजिले भवन का निर्माण कराया गया लेकिन तब से इसमें न तो पटवारी बैठ रहे थे और न ही कर्मचारी। इस संबंध में देवलधार निवासी समाजसेवी राजेंद्र सिंह नेगी ने एक अगस्त को सीएम पोर्टल में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद से अब यहां नियमित रूप से राजस्व निरीक्षक ललित सिंह बिष्ट मौजूद रहते हैं। उनकी मौजूदगी से बिंता, जाख, पोखरी, बैनाली, सिमल्टी, पारकोट, नायल, धामकोट, कौराड़ी, नाटी कौराड़ी, बगड़गांव आदि गांवों के ग्रामीणों को घर के नजदीक ही सुविधाएं मिलेंगी। आज तक ग्रामीणों को चार से पांच किमी दूर उपतहसील रावलसेरा बग्वालीपोखर जाना पड़ता था। हालांकि जबकि राजस्व निरीक्षक ललित सिंह बिष्ट से वार्ता हुई तो उनका कहना था कि वह पहले से ही चौकी में मौजूद रहते थे।