भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। विकासखंड के रीठा महादेव मंदिर में शनिवार को विकासखंड स्तरीय बहुउद्देश्यीय शिविर आयोजित किया गया। इसमें कई अधिकारियों के न पहुंचने से लोग भड़क गए। उन्होंने कहा कि समस्याओं को सुलझाने के लिए ऐसे शिविर लगाए जाते हैं लेकिन जब यहां विभागीय अधिकारी नहीं पहुंचेंगे तो वे अपनी समस्या किसे बताएंगे।
क्षेत्र के रीठा महादेव मंदिर में बहुउद्देश्यीय शिविर में आए अधिकतर लोग पानी दिलाने और सड़क सुधारने की मांग कर रहे थे लेकिन इस शिविर में जल संस्थान और लोनिवि अधिकारियों के न पहुंचने से लोगों ने आक्रोश जताया। सिंगोली, चापड़, उणुली, खैरिया के ग्रामीणों ने नलों से पेयजल की मांग की।
बताया कि कई पेड़ों की टहनियां बिजली लाइन को छू रहीं हैं। इस कारण आए दिन बिजली गुल हो रही है। उनकी लाइन को छू रहे पेड़ों की लॉपिंग करा सेलापानी-खनोलिया-रीठामहादेव सड़क सुधारने की भी मांग की। अन्य अधिकारियों ने इन समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। शिविर में कृषि एवं भूमि संरक्षण अधिकारी विपिन कुमार, कमलेश सती, बीडी नैलवाल, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
ताकुला में 15 लोगों ने दर्ज कराई शिकायत
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम के तहत एसडीएम सदर गोपाल सिंह चौहान ने ताकुला के भट्ट गांव में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। दो किसानों ने किसान सम्मान निधि न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। अन्य लोगों ने पेयजल, बिजली, बदहाल रास्तों को सुधारने की मांग संबंधी 13 शिकायतें दर्ज कराईं। एसडीएम ने लोगों को शिकायतों के निस्तारण का आश्वासन दिया।
तहसील सभागार बागेश्वर में सोमवार को जनता दरबार
बागेश्वर। यहां हर महीने के पहले और अंतिम सोमवार को जनता दरबार लगाया जाता है। डीएम अनुराधा पाल ने बताया कि इस माह अंतिम सोमवार को कलक्ट्रेट के बजाय तहसील सभागार में जनता दरबार लगाया जाएगा। उन्होंने लोगों से जनता दरबार में पहुंचकर समस्या बताने की अपील की है। कहा कि समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा।