अल्मोड़ा। उत्तराखंड भारतीय जनता मजदूर संघ ने तहसील, एसडीएम कार्यालय और न्यायालय को पुन: मल्ला महल में स्थापित किए जाने की मांग की है। उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी एपी पुरोहित के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा।
संघ के पदाधिकारियों ने ज्ञापन में कहा है कि पूर्व में तहसील अल्मोड़ा, एसडीएम सदर कार्यालय और न्यायालय मल्ला महल में संचालित होते थे जिससे जिले के सभी लोगों को राहत मिल रही थी लेकिन उनके हितों को दरकिनार कर तहसील और एसडीएम कार्यालय शहर से सात किमी दूर संचालित कर दिया गया। कहा कि तहसील और एसडीएम कार्यालय शहर के मध्य होने से इन कार्यालयों में आने वाले लोगों को सुविधा थी। अब कार्यालय शहर से दूर चले जाने से धारानौला बाजार, कचहरी बाजार में व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। उन्होंने तहसील, एसडीएम कार्यालय और न्यायालय को पुन: मल्ला महल में स्थापित करने की मांग की है। मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। ज्ञापन देने वालों में संघ के प्रदेश अध्यक्ष अथल इलाही, ममता देवी, हंसी देवी, जगुली देवी, सिकंदर, मो. फुरकान आदि शामिल रहे।