रानीखेत। रानीखेत के विधायक डॉ. प्रमोद नैनवाल ने कहा है कि पातली में शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में महिलाएं धरने पर बैठी हैं। वहां किसी भी कीमत में शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। इसे बंद कराने के लिए डीएम से कहा गया है।
बृहस्पतिवार को पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि रानीखेत-चिलियानौला के लिए नई पंपिंग योजना मंजूर हो गई है जल्द ही इसे धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि रानीखेत के सिविल एरिया को नगर पालिका में शामिल करने के उनके अनुरोध को मुख्यमंत्री ने रक्षा मंत्री तक पहुंचाया है। उम्मीद है कि जल्द ही कैंट के कानून से रानीखेत के लोगों को मुक्ति मिल जाएगी और लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो जाएगी।
एक सवाल के जवाब में विधायक ने कहा कि लव जेहाद जैसे मामले बर्दाश्त नहीं होंगे। जनता की भावनाओं से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने विपक्षी दलों पर इस मुद्दे पर राजनीति करने का भी आरोप लगाया।
विधायक नाराज: विधायक ने अस्पताल का निरीक्षण भी किया। बाद में अस्पताल के स्टाफ और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। 30 बेड के कोविड कक्ष का काम दो महीने से रुकने पर उन्होंने नाराजगी जताई। बारिश का पानी कक्षों में आने पर और ऑपरेशन थियेटर बंद होने पर भी नाराजगी जताई।