अल्मोड़ा के नंदादेवी मंदिर परिसर में हुई बैठक नारेबाजी करते पर्वतीय सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेत?
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। पर्वतीय सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता कल्याण समिति की नंदादेवी मंदिर परिसर में हुई बैठक में वक्ताओं ने विभिन्न योजनाओं के तहत अवशेष बिलों का भुगतान न होने पर नाराजगी जताई। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कहा कि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो वे जनवरी से राशन बांटना बंद कर देंगे।
मंगलवार को सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने प्रदर्शन कर कहा सरकार ने निशुल्क खाद्यान्न वितरण की नई योजना शुरू कर उनके हितों की अनदेखी की है। ऑनलाइन राशन वितरण के लिए उन्हें इंटरनेट का खर्चा नहीं दिया जा रहा है। साथ ही समय पर भाड़ा मिलना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में उनके लिए राशन वितरण करना संभव नहीं है। कहा कि सस्ता गल्ला विक्रेताओं को प्रतिमाह उनका लाभांश और भाड़े का भुगतान किया जाना चाहिए लेकिन सरकार इस पर गंभीरता नहीं दिखा रही।
चेतावनी देते हुए कहा जल्द उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे जनवरी माह से राशन नहीं बांटेंगे। इस मामले में प्रदेश प्रतिनिधि मंडल जल्द जिला पूर्ति अधिकारी से मिलेगा और उन्हें इस बारे में अवगत कराएगा। सस्ता गल्ला विक्रेताओं ने व्यापार मंडल के पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज साह, सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता भवान सिंह के निधन पर शोक जताया। वहां पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज वर्मा, प्रदेश सलाहकार दिनेश गोयल, प्रदेश संयोजक अभय साह, जिलाध्यक्ष संजय साह रिक्खू, जिला महामंत्री केशर सिंह खनी, नारायण खनी, नारायण सिंह, देवेंद्र सिंह चौहान, पान सिंह, प्रमोद पवार, प्रताप कनवाल, बिशन बिष्ट आदि मौजूद रहे।