अल्मोड़ा। नए शिक्षा सत्र शुरू हुए एक माह होने जा रहा है। अब तक विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग नई पुस्तक उपलब्ध नहीं करा सका है। ऐसे में जिले के स्कूलों में बुक बैंक की स्थापना की जा रही है। इससे विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। कक्षा एक से 12वीं तक के पुराने विद्यार्थी स्वेच्छा से अपनी पुस्तक बैंक में जमा करेंगे और ये नए विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाएंगी।
नई पुस्तक न मिलने से पर शिक्षा विभाग ने जिले में विद्यार्थियों को राहत देने के लिए पुस्तक उपलब्ध कराने की पहल शुरू की है। अब तक जिले के 69542 विद्यार्थियों को पुस्तक नहीं मिल सकी हैं और वे इंतजार कर रहे हैं। नई पुस्तक कब मिलेंगी, इसका पता शिक्षा विभाग को भी नहीं है। ऐसे में विभाग ने विद्यार्थियों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत पुस्तक उपलब्ध कराने के लिए जिले के सभी 1545 शासकीय और अशासकीय स्कूलों में बुक बैंक खोलने का निर्णय लिया है। अगली कक्षा में प्रवेश कर चुके एक से 12वीं तक के विद्यार्थी अपनी पुरानी पुस्तकों को बुक बैंक में जमा करेंगे। ये पुस्तकें नई कक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाएंगी और उनकी पढ़ाई बाधित नहीं होगी। जिले में पहुंचते ही नई पुस्तक विद्यार्थियों को दी जाएंगी। विभाग ने बुक बैंक खोलने के लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारी और स्कूलों को निर्देश जारी किए हैं। संवाद
मांग पांच लाख से अधिक पुस्तकों की, मिली एक भी नहीं
अल्मोड़ा। शिक्षा विभाग ने 5 लाख 42 हजार पुस्तकों की मांग की है। प्राथमिक वर्ग के लिए 2 लाख 60 हजार और कक्षा नौ से 12 वीं तक के लिए 2 लाख 82 हजार पुस्तकों की मांग भेजी गई है। अब तक विभाग को एक भी पुस्तक नहीं मिल सकी है। कब मिलेगी इसका अता-पता नहीं है।
-
कोट- जिले में नई पुस्तक नहीं पहुंची हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए विभाग ने हर स्कूल में बुक बैंक खोलने का निर्णय लिया है। अगली कक्षा में जाने वाले विद्यार्थी अपनी पुरानी पुस्तक इसमें जमा करेंगे। ये पुस्तक नई कक्षा में जाने वाले विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जाएंगी।
- हेमलता भट्ट, सीईओ, अल्मोड़ा।