अल्मोड़ा। राजकीय पॉलिटेक्निक संस्थान अल्मोड़ा में आयोजित 35वीं वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नालंदा हाउस प्रतियोगिता का ओवरऑल चैंपियन बना। वहीं बालिका वर्ग की व्यक्तिगत चैंपियनशिप का खिताब एलोरा हाउस की खुशी बिष्ट और बालक वर्ग में नालंदा हाउस के सुमित के नाम रहा। विधायक तिवारी ने कहा कि खेलकूद विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। खेलों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। इस दौरान उन्होंने परिसर के दो भवनों को जोड़ने वाली रैंप का भी उद्घाटन किया। वहां पार्षद वैभव पांडे, पूर्व दायित्वधारी पूरन रौतेला, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष एनडी पांडे, प्राचार्य रेखा असवाल, क्रीड़ा अधिकारी दीपा महरा, नीतू प्रसाद, निर्मला पांडे, रक्षा जोशी आदि मौजूद रहीं।