कपकोट (बागेश्वर)। क्षेत्र के कुंवारी गांव में शंभु नदी पर बनी झील में एक रहस्यमयी जलीय जीव के दिखाई देने से ग्रामीणों में कौतूहल का माहौल है। ग्रामीणों का दावा है कि यह जीव रोजाना पानी में तैरता हुआ नजर आता है और इसके पीछे पानी में एक लंबी लकीर बनती दिखाई देती है। इस जीव का वीडियो बनाकर ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर भी साझा किया है। फिलहाल, इस जीव की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। ग्रामीणों के बीच इसे मगरमच्छ या कोई बड़ी मछली होने की चर्चाएं हैं। सिंचाई विभाग के ईई जगत सिंह बिष्ट ने बताया कि उन्हें इस तरह की किसी भी घटना की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है। स्थानीय विधायक सुरेश गड़िया ने कहा है कि मामले की जांच की जाएगी और नदी में तैर रहे जीव की पहचान की पुष्टि जल्द कराई जाएगी।