नगरपालिका के लिए गांधी चौक पर नारेबाजी करते आंदोलनकारी। संवाद
रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर पालिका की मांग के लिए रानीखेत में नागरिकों का धरना-प्रदर्शन जारी है। सिविल एरिया को छावनी क्षेत्र से अलग कर चिलियानौला नगर पालिका में मिलाने की मांग के जिए लोग कई दिनों से संघर्ष समिति के बैनर तले आंदोलनरत हैं। धरना स्थल पर हुई सभा में तय हुआ कि सोमवार को आंदोलन को और धार देने के लिए संयोजक मंडल का गठन किया जाएगा। सभी से इस बैठक में भाग लेने की अपील की गई है।
वक्ताओं ने बताया कि सोमवार को दोपहर 12 बजे गांधी चौक पर बैठक का आयोजन होगा। इसमें सभी से राय मशविरा कर आंदोलन को तेज करने के लिए सभी का सहयोग मांगा जाएगा। धरने पर व्यापार मंडल पदाधिकारी, छावनी परिषद के निवर्तमान सभासद, रानीखेत वृद्धजन कल्याण समिति के सदस्य, वरिष्ठ नागरिक, व्यापारी, होटल एसोसिएशन सदस्यों सहित कई संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि और सदस्य मौजूद रहे।