फोटो- 28 एएलएम 24 पी- कांग्रेस सेवादल के सम्मेलन में मंचासीन अतिथि। संवाद
अल्मोड़ा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि पार्टी जीतने वाले चेहरे पर ही दांव लगाएगी। आगामी लोकसभा चुनाव में टिकट बंटवारे के लिए प्रदेश और केंद्र स्तर पर सर्वे चल रहा है। कांग्रेस भाजपा की नाकामी को जनता के बीच पहुंचाकर विकास के लिए वोट मांगेगी।
अल्मोड़ा पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष माहरा ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश में पार्टी की मजबूती के लिए 1170 मंडलम का गठन होगा। बूथ स्तर तक तैनात मंडलम के पदाधिकारी लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे। कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए बूथ स्तरीय समिति बनाई गई है। इसका सत्यापन दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी पूरी तरह तैयार है। टिकट बंटवारे संबंधी सर्वे से तय है कि इस बार जीतने वाले दावेदार को ही टिकट मिलेगा।
सड़कों के गड्ढे न पाटना भाजपा सरकार की नाकामी
अल्मोड़ा। प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि भाजपा सरकार हर बार सड़कों को गड्ढामुक्त करने का दावा करती है लेकिन ऐसा नहीं हो सका है। अपनी नाकामी छुपाने के लिए सरकार सड़कों पर बने गड्ढों की सूचना जनता से मांग रही है। इससे साफ है कि सरकार अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रही है। जनता को यह मालूम है कि भाजपा के शासन में सड़कें गड्ढामुक्त नहीं होने वाली। इसलिए कम लोग शिकायत दर्ज करा रहे हैं और सरकार इसी बात की झूठी वाहवाही लूट रही है।
30 नाली जमीन पर लगा दिया दो हजार पौधों का उद्यान
अल्मोड़ा। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा उद्यान घोटाले पर भी जमकर बोले। उन्होंने कहा कि इस घोटाले की शुरुआत पुरोला से हुई। अब रानीखेत के विधायक के भाई ने फर्जी तरीके से 30 नाली भूमि पर दो हजार पौधों का उद्यान स्थापित होना दिखाया है जबकि कि नाप भूमि की आड़ में वन और राजस्व विभाग की कई नाली भूमि पर कब्जा किया गया है। उन्होंने कहा कि यह घोटाला लाखों का नहीं बल्कि 100 करोड़ रुपये से अधिक का है जो भाजपा के शासन में ही संभव है।