रानीखेत में भर्ती के लिए दौड़ लगाते अग्निवीर। संवाद
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। अग्निवीर सेना भर्ती रैली छठे दिन में प्रवेश कर गई है। छठे दिन अल्मोड़ा जिले की चार तहसीलों से जुड़े युवाओं की भर्ती हुई। जिसमें कुल 3027 युवाओं ने पंजीकरण कराया और 2521 युवाओं ने दौड़ लगाई। इधर, भर्ती को लेकर पुलिस और प्रशासन हर कदम पर मुस्तैदी से कार्य कर रहा है। पूर्ति विभाग के निर्देशन में तमाम स्थानों पर लगाए गए खाने के स्टालों में गुणवत्ता की जांच भी की जा रही है।
कुमाऊं रेजीमेंट के सोमनाथ मैदान में अग्निवीर भर्ती रैली जारी है। इस बार कुमाऊं मंडल के चार जिलों की तहसीलवार युवाओं की भर्ती का आयोजन किया जा रहा है।
छठे दिन अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण, चौखुटिया, द्वाराहाट और सल्ट तहसील के युवकों ने दौड़ लगाई। कुल 3027 युवकों ने पंजीकरण कराया, जिसमें से 2521 युवकों ने दौड़ लगाई। दौड़ के बाद सफल युवकों की शारीरिक दक्षता परीक्षा भी हुई। एआरओ अल्मोड़ा के तहत चार जिलों (अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और उधम सिंह नगर) के कुल 30,684 युवकों ने अग्निवीर सोल्जर जनरल ड्यूटी, टेक्निकल, क्लर्क / एसकेटी, ट्रेड्समैन की विभिन्न पदों के लिए पंजीकरण कराया है। रैली के आयोजन के लिए पुलिस और नागरिक प्रशासन भी पूरा सहयोग दिया है। प्रदेश भर में अग्निपथ योजना के तहत भर्ती के लिए 1,08,000 से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है। भर्ती के लिए युवाओं में खासा जोश भी दिख रहा है।