रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत सहित ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुए की दहशत के साथ अब बंदरों का बढ़ता उत्पात लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। बंदरों के हमलों में पिछले एक माह के दौरान 25 से अधिक स्थानीय लोग और बच्चे घायल हो चुके हैं जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचना पड़ा। बंदर आए दिन राहगीरों पर झपट रहे हैं। वहीं खेतों और बागानों में फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ घरों में घुसकर सामान उठा ले जाने की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं। स्थानीय निवासी कुलदीप कुमार, मयंक पंत, दीपक सिंह, मनीष कुमार, सुरेंद्र सिंह, मनोज सिंह महरा आदि ने वन विभाग से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी रानीखेत तापस मिश्रा ने बताया कि जल्द ही बंदरों के उत्पात पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस रणनीति के तहत कार्रवाई की जाएगी। संवाद
-