अल्मोड़ा। मेडिकल कॉलेज के जूनियर चिकित्सकों पर छात्रावास में नशे में हंगामा करने का आरोप लगने के बाद कॉलेज प्रबंधन सक्रिय हो गया है। प्रबंधन ने उनके खिलाफ जांच शुरू कर दी है। तीन सदस्यीय कमेटी को जांच का जिम्मा सौंपा गया है जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मेडिकल कॉलेज के आसपास रहने वाले लोगों ने यहां के छात्रावास के जूनियर चिकित्सकों पर नशे में हंगामा करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कॉलेज प्रबंधन और पुलिस से शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि जूनियर चिकित्सक रोजाना नशे में हंगामा करते हैं। पूरी रात तेज आवाज में गाने बजाकर पार्टी होती है जिससे उन्हें काफी दिक्कत होती है।
प्राचार्य डॉ. सीपी भैंसोड़ा ने बताया कि तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया है। यदि चिकित्सकों के नशा करने के प्रमाण मिले तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में ऐसी घटना दोबारा सामने आने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।