अल्मोड़ा। तहसील भनोली अंतर्गत हुई वाहन दुर्घटना की मजिस्ट्रीयल जांच शुरू हो गई है। आठ नवंबर को तहसील भनोली अंतर्गत डंपर वाहन संख्या यूके 05 सीए 1167 अपराह्न 1ः30 बजे ग्राम बेलक के धरमखोर के पास दन्यां से कांडनौला जाते समय राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब 500 मीटर खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। जिला मजिस्ट्रेट अल्मोड़ा के आदेशों के क्रम में जैंती और भनोली के उप जिला मजिस्ट्रेट संजय कुमार इस मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने दुर्घटना के कारणों के संबंध में जानकारी रखने वाले संबद्ध, असंबद्ध अन्य व्यक्तियों से अपील की है कि वह अपने बयान लिखित, मौखिक रूप से अथवा कोई साक्ष्य हो तो किसी भी कार्य दिवस को उप जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय तहसील भनोली मुख्यालय गुरूड़ाबांज में आकर प्रस्तुत कर सकते हैं।