रानीखेत के दूरस्थ देना गांव में सिलिडर ले जाते ग्रामीण।
- फोटो : AMAR UJALA
रानीखेत। अमर उजाला की खबर का यह असर हुआ कि रसोई गैस की किल्लत से जूझ रहे दूरस्थ गांव में सिलिंडर पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि लॉकडाउन के बाद से पहली बार यहां गैस पहुंची।
लंबे समय से रसोई गैस सिलिंडरों के लिए परेशान हो रहे तहसील अंतर्गत कुवाली न्याय पंचायत के दर्जनों गांव में अब सिलिंडरों का वितरण हो गया है। अभाव में ग्रामीणों की निर्भरता जंगलों पर बढ़ रही थी। तहसील के दूरस्थ गावों मुझोली, दैना, मल्यालगांव, गुमोड़ी, सिराड़, रौलाखरक, बगडवार में पहली बार गैस सिलेंडर का वाहन पहुंचा तो ग्रामीणों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। एक एक कर ग्रामीणों को गैस सिलिंडर का वितरण किया गया। दरअसल, इन गांवों में लोग सिलिंडर के लिए लंबे समय से परेशान थे, कुछ दिन पहले क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक कन्नू साह के नेतृत्व में दर्जनों प्रधानों और पंचायत प्रतिनिधियों ने इस समस्या के निराकरण के लिए जिलाधिकारी से गुहार लगाई थी। इधर, गैस एजेंसी ने वहां सिलिंडरों का वाहन भेजकर आपूर्ति कराई। ग्रामीणों ने इसके लिए क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपक कन्नू साह सहित तमाम पंचायत प्रतिनिधियों और जिला प्रशासन का आभार जताया है।