अल्मोड़ा। 11 केवी की केबिल लाइन में खराबी आने से शुक्रवार को चौघानपाटा इलाके में करीब ढाई घंटा बिजली गुल रही। दोपहर में चौघानपाटा के पास स्थित गांधी आश्रम के पीछे विद्युत केबिल में अचानक ब्लास्ट हुआ। पांच मिनट बाद फिर दूसरा ब्लास्ट हुआ। जिससे चौघानपाटा से लेकर मुख्य डाकघर तक के इलाके में बिजली गुल हो गई। इस दौरान आफिसों के अलावा आसपास के दुकानों में कार्य बाधित रहा। बाद में बिजली विभाग के कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद लाइन को ठीक किया। विभाग के अधिशासी अभियंता डीएस पांगती ने बताया कि केबिल लाइन में खराबी आ जाने से बिजली कुछ देर तक बाधित रही।