रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत उप जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों को मौसम के साथ ही सिस्टम की लापरवाही की मार सहनी पड़ी है। बारिश के बाद अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर (ओटी), दवा कक्ष सहित सभी वार्ड में पानी घुस गया है, इससे अस्पताल में भर्ती 50 से अधिक मरीज परेशान हैं। ऑपरेशन ठप हैं।भर्ती मरीज किसी तरह टपकती छत के नीचे उपचार करा रहे हैं।
बारिश ने रानीखेत के लोगों की मुश्किल बढ़ाने का काम किया है। उप जिला चिकित्सालय के तीसरी मंजिल में निर्माण कार्य के दौरान बरती गई लापरवाही से फिर से छत और दीवारों से पानी ओटी, दवा स्टोर और वार्ड में घुस गया जिससे यहां फिर से ऑपरेशन ठप हो गए हैं। चिकित्सक बारिश के पानी के चलते मरीजों में इंफेक्शन फैलने के डर से ऑपरेशन नहीं कर रहे हैं, जबकि यहां हर रोज हड्डी, जनरल सर्जरी सहित तीन से अधिक ऑपरेशन होते हैं। यहां 50 से अधिक मरीज भर्ती हैं, जिन्हें वार्ड में पानी घुसने से दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
दो महीने पहले अस्पताल प्रबंधन ने ठेकेदार के खिलाफ दी थी तहरीर
रानीखेत। दो माह पूर्व भी उप जिला चिकित्सालय में पानी घुसने से इस तरह की दिक्कत आई थी, तब अस्पताल प्रबंधन ने इसे ठेकेदार की लापरवाही करार देते हुए उसके खिलाफ पुलिस में तहरीर दी थी और अगले कुछ दिन में हालात सामान्य होने की बात कही थी। बावजूद इसके हालात नहीं सुधर सके हैं और फिर से हुई बारिश में बड़ी लापरवाही उजागर हुई है।
-
सीलन से बिजली उपकरणों में करंट फैलने का है खतरा
रानीखेत। उप जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीज हीटर में पानी और दूध गर्म करते हैं। भर्ती मरीजों और तीमारदारों को मोबाइल भी चार्ज करने पड़ते हैं। लेकिन छत से पानी टपकने से दीवारों में लगे बिजली उपकरणों के आसपास सीलन होने से इनसे करंट फैलने का खतरा बना हुआ है और अस्पताल प्रबंधन किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहा है।
-
एक्सरे मशीन का नहीं हो सका संचालन
रानीखेत। उप जिला चिकित्सालय में बीते बृहस्पतिवार बिजली गिरने से कई उपकरण फुंक गए थे। एक्स-रे मशीन सहित लैब में स्थापित मशीन में भी खराबी आ गई थी। लेकिन तीन दिन बाद भी इस खराबी को दूर नहीं किया जा सका है और एक्स-रे, रक्त जांच शुरू नहीं हो सकी है। ऐसे में यहां जांच के लिए पहुंचे मरीजों को मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
-
कोट -
ठेकेदार की लापरवाही से ओटी, वार्ड सहित अन्य कक्षों में पानी घुसने से दिक्कत आई है। इंफेक्शन फैलने के डर से ओटी का संचालन बंद है। ठेकेदार को नोटिस दिया गया है। तीसरी मंजिल में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद व्यवस्थाएं पटरी पर आ सकेंगी। - डॉ. संदीप दीक्षित, चिकित्साधीक्षक, उप जिला चिकित्सालय, रानीखेत।
-