अल्मोड़ा। लमगड़ा विकासखंड के ढाई दर्जन गावों की बिजली आपूर्ति में जल्द ही सुधार होगा। इन गांवों में जीर्ण क्षीर्ण पोल और तार बदले जाएंगे। लमगड़ा के 31 गांवों में अब भी बिजली आपूर्ति करने के लिए लोहे के तार की बिजली लाइन बिछी हुई है। वहीं बिजली के पोल भी काफी पुराने हो गए हैं। लाइन और पोल जीर्ण क्षीर्ण स्थिति में होने से कई बार बिजली आपूर्ति बाधित होती रहती है। इस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए विद्युत विभाग ने बिजली लाइनों के सुधारीकरण का निर्णय लिया है। विभाग के ईई डीडीएस पांगती ने बताया कि 31 गांवों और तोकों में 132 नए पोल लगाए जाएंगे और 71 किमी पुराने तार बदले जाएंगे। जल्द ही सुधारीकरण का कार्य शुरु किया जाएगा।