रानीखेत के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करना माहरा
रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत उप जिला चिकित्सालय में तैनात जिले के एकमात्र हृदय रोग विशेषज्ञ, महिला रोग विशेषज्ञ और एक अन्य डॉक्टर का एक साथ स्थानांतरण होने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने नाराजगी जताते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कुमाऊं और गढ़वाल के विभिन्न क्षेत्रों के मरीजों के लिए वरदान साबित होने वाले स्व. गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय रानीखेत से लगातार डाॅक्टर का स्थानांतरण किया जा रहा है। कहा कि भाजपा सरकार उनके पिता के नाम से संचालित रानीखेत नागरिक चिकित्सालय को बर्बाद करने की साजिश कर रही है जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रानीखेत उप जिला चिकित्सालय में तैनात कार्डियोलॉजिस्ट, महिला रोग विशेषज्ञ और एक अन्य चिकित्सक के स्थानांतरण से भड़के कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष माहरा ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को पत्र भेजकर कहा कि इस अस्पताल पर कुमाऊं और गढ़वाल के मरीज निर्भर हैं। भाजपा सरकार साजिश के तहत यहां से डाॅक्टर का स्थानांतरण कर दोनों क्षेत्रों के लोगों के हितों की अनदेखी कर रही है। यहां तैनात कार्डियोलॉजिस्ट का स्थानांतरण कर दिया गया। महिला रोग विशेषज्ञ को यहां से हटा दिया गया है। पूर्व में भी ईएनटी और हड्डी रोग विशेषज्ञ का स्थानांतरण किया गया है जबकि इन पदों पर प्रतिनियुक्ति नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि उनके पिता के नाम से संचालित इस अस्पताल को सरकार बर्बाद करना चाहती है। जिले सहित प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होनी चाहिए। मौजूदा सरकार इसमें नाकाम साबित हुई है। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री से जल्द चिकित्सकों की तैनाती की मांग की। चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा नहीं हुआ तो जनता को साथ लेकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।