अल्मोड़ा। रोडवेज और केमू की अल्मोड़ा से एक-एक और नई सेवाएं शुरू हो गई हैं। बृहस्पतिवार को रोडवेज की अल्मोड़ा-रानीखेत-रामनगर और केमू की अल्मोड़ा-हल्द्वानी सेवा शुरू हुई। अल्मोड़ा से रोडवेज की अब आठ तो केमू की दो सेवाएं संचालित होने लगी हैं। रोडवेज ने बृहस्पतिवार सुबह साढ़े सात बजे अल्मोड़ा-रानीखेत-रामनगर सेवा का संचालन किया। पहले दिन इस बस को कुल दो यात्री मिले। रोडवेज की सुबह आठ बजे संचालित अल्मोड़ा-हल्द्वानी में नौ, अल्मोड़ा-बागेश्वर वाया गरुड़ को पांच, अल्मोड़ा-बागेश्वर वाया ताकुला में चार, अल्मोड़ा-अटपेसिया में चार, अल्मोड़ा-टनकपुर आठ, अल्मोड़ा-मासी आठ, अल्मोड़ा-हल्द्वानी में सात यात्रियों ने सफर किया। केमू स्टेशन प्रभारी बीबी चंदोला ने बताया कि अल्मोड़ा स्टेशन से सुबह सात बजे अल्मोड़ा-हल्द्वानी सेवा शुरू कर दी है। पहले दिन इस बार में अल्मोड़ा से सात यात्री सवार हुए। अल्मोड़ा-रानीखेत वाया शीतलाखेत बस को तीन यात्री मिले। केमू और रोडवेज बसों को 50 फीसदी सवारियां न मिलने पर प्रबंधन को आर्थिक घाटा झेलना पड़ रहा है।