अल्मोड़ा। धारानौला चौकी पुलिस ने तीन महीने से लापता एक मानसिक रूप से कमजोर युवक को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द किया है। पुलिस को अल्मोड़ा क्षेत्र में एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में भटकता हुआ मिला था। स्थानीय लोगों ने बताया कि वह पिछले करीब तीन महीने से यहां घूम रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कोतवाल योगेश चंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में धारानौला चौकी प्रभारी आनंद बल्लभ कश्मीरा ने परिजनों की खोजबीन शुरू की। दो दिनों की कड़ी मशक्कत और पूछताछ के बाद युवक की पहचान गोपाल कनौजिया उर्फ छोटू निवासी डिप्टी का पड़ाव, कानपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। अल्मोड़ा पुलिस ने जब उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया तो पता चला कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसकी गुमशुदगी सात जुलाई 2026 को कानपुर के थाना रायपुरवा में दर्ज कराई गई थी। अल्मोड़ा पुलिस ने यूपी पुलिस के माध्यम से परिजनों को बुलाकर युवक को उनके सुपुर्द कर दिया। तीन महीने बाद अपने लाडले को सकुशल पाकर परिजनों की आंखें भर आईं और उन्होंने अल्मोड़ा पुलिस का आभार जताया।