अल्मोड़ा। विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में भौतिक पूजा शुरू होने के बाद शुक्रवार को सर्वाधिक 13 समूहों ने पूजा की। जागेश्वर धाम श्रद्धालुओं के लिए खुलने के बाद श्रद्धालु लगातार मंदिर में दर्शन और पूजा के लिए आ रहे हैं। पूजा के लिए बुकिंग में भी इजाफा हुआ है। शुक्रवार को जागेश्वर धाम में छह रुद्राभिषेक और सात पार्थिव पूजा हुई। बताया गया है कि जागेश्वर धाम में भौतिक पूजा शुरू होने के बाद शुक्रवार को सर्वाधिक 13 पूजाएं हुईं। जागेश्वर मंदिर प्रबंधन समिति के प्रबंधक भगवान भट्ट ने बताया कि जागेश्वर धाम में भौतिक पूजा की अनुमति मिलने के बाद लगातार बुकिंग मिल रही है। दिल्ली, देहरादून समेत अन्य स्थानों से भक्त पूजा के लिए बुकिंग करा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंदिर में भौतिक पूजा के साथ ही ऑनलाइन पूजा भी हो रही हैं।